झारखंड में 1,042 नवचयनित सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति-पत्र, गणित और विज्ञान के शिक्षक भी मिले

0
60

Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 1,042 नवचयनित इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों को नियुक्ति-पत्र सौंपा। नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें – हेमंत सोरेन 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी राज्य के विकास की आधारशिला होती है। सरकार का लक्ष्य राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर कर बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी नवनियुक्त शिक्षकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

गणित और विज्ञान शिक्षकों की नियुक्ति

नियुक्ति पाने वाले शिक्षकों में 274 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य और 768 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य शामिल हैं। इनमें विज्ञान विषय के शिक्षक भी शामिल हैं, जिनकी नियुक्ति से विशेष रूप से विज्ञान शिक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इसे भी पढ़ें- ऑनलाइन कैब चालकों की हड़ताल से यात्री परेशान, पांच सूत्री मांगों को लेकर ठप रही सेवा

सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से राज्य के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने में मदद मिलेगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधा उपलब्ध होगी और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

समारोह में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नवनियुक्त शिक्षक एवं उनके परिजन मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें राज्य के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें- आज भगवान जगन्नाथ का होगा देव स्नान, मेले की तैयारी तेज

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here