Ranchi : शहर के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में सोमवार देर रात एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। मामले को पुलिस संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
सूरज नायक के रूप में हुईं पहचान
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सेक्टर-3 धुर्वा के थेथरकोचा निवासी सूरज नायक के रूप में हुई है। घटनास्थल से मृतक की ई-रिक्शा भी बरामद हुई है, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के बीच भी घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने आर्थिक या पारिवारिक कारणों से आत्महत्या की हो सकती है। वहीं दूसरी ओर यह भी संभावना जताई जा रही है कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटका दिया हो।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही घटनास्थल से बरामद ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की सही तस्वीर सामने आएगी।


