Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की तिथि में संशोधन किया है। यह फैसला झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा की तिथियों से टकराव को देखते हुए लिया गया है। आयोग के इस निर्णय से उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्होंने दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है।
जेपीएससी ने जारी की संशोधित तिथि
जेपीएससी द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या-01/2026) अब 21, 22 और 23 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। पहले यह परीक्षा 18, 19 और 20 जुलाई को प्रस्तावित थी। परीक्षा की अन्य सभी शर्तें और दिशा-निर्देश पूर्ववत लागू रहेंगे।
2204 अभ्यर्थी होंगे शामिल
आयोग ने बताया कि इस मुख्य परीक्षा में कुल 2204 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा तिथि में बदलाव का उद्देश्य अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना और दोनों महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने का समान अवसर प्रदान करना है।
गौरतलब है कि हाल ही में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा की तिथियां घोषित की थीं, जिसके कारण कई अभ्यर्थियों के सामने दोनों परीक्षाओं में शामिल होने को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी। अभ्यर्थियों की मांग और व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए जेपीएससी ने परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन करने का निर्णय लिया।
जेपीएससी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी संशोधित परीक्षा कार्यक्रम और आगामी सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें। यदि प्रवेश पत्र जारी करने, परीक्षा केंद्र या अन्य निर्देशों में कोई बदलाव होता है तो उसकी जानकारी भी आयोग की वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों ने किया स्वागत
परीक्षा तिथि में किए गए इस बदलाव का स्वागत अभ्यर्थियों ने किया है। उनका कहना है कि इससे उन्हें दोनों परीक्षाओं की तैयारी और परीक्षा में शामिल होने का पर्याप्त अवसर मिलेगा, जिससे किसी भी अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होगा।


