एसबीयू और CISF में हुआ करार, साइबर सुरक्षा पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

0
50

Ranchi: सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के संयुक्त तत्वावधान में महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना सुरक्षा (सीआईआपी) विषय पर पांच दिवसीय व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को विवि परिसर में शुरू हुआ। 10 से 14 अगस्त तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य सीआईएसएफ कर्मियों को साइबर सुरक्षा, महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना, उभरते साइबर खतरों और तकनीक आधारित सुरक्षा तंत्र की जानकारी एवं प्रशिक्षण देना है।

कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय और सीआईएसएफ के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के साथ हुई। इस एमओयू के माध्यम से साइबर सुरक्षा एवं महत्वपूर्ण अवसंरचना संरक्षण के क्षेत्र में दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।

समारोह में सरला बिरला विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, माननीय महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, रजिस्ट्रार प्रो. एस. बी. डांडिन, विभिन्न संकायों के डीन एवं वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सीआईएसएफ की ओर से महानिरीक्षक श्री प्रबोध चंद्र, कमांडेंट श्री औशुतोष चौधरी और असिस्टेंट कमांडेंट सुश्री चेकी शेरपा उपस्थित रहे।

इसके बाद विवि के एआई/एमएल लैब में प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र आयोजित किया गया। डॉ. पंकज के. गोस्वामी, डीन, फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड एप्लाइड साइंसेज, ने स्वागत भाषण दिया और साइबर सुरक्षा की बढ़ती चुनौतियों पर प्रकाश डाला। प्रो जगनाथन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी उभरती तकनीकों को समझना आज बेहद जरूरी है। उन्होंने महत्वपूर्ण अवसंरचना पर होने वाले साइबर हमलों के संभावित प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है।

प्रो. गोपाल पाठक ने अपने संबोधन में बल के प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने तथा विशेषज्ञों के साथ सक्रिय संवाद करने का आग्रह किया। वहीं, बल के आईजी श्री प्रबोध चंद्र ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए सरला बिरला विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए प्रतिभागियों से सभी प्रशिक्षण सत्रों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा डॉ. संदीप कुमार सिंह मोदक, एसोसिएट प्रोफेसर, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग, ने प्रस्तुत की। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग, ने किया।

सरला बिरला विश्वविद्यालय के माननीय प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान और माननीय राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने एसबीयू और सीआईएसएफ के बीच हुए एमओयू पर हर्ष व्यक्त किया है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here