Ranchi : झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के तहत कार्यरत कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद JSLPS की नई मानव संसाधन (HR) नीति को मंजूरी मिल गई है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पहल के बाद यह नई व्यवस्था लागू की गई है। नई HR पॉलिसी के तहत करीब 1,300 अतिरिक्त पदों का सृजन होगा, जिससे संस्था की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
L-8 स्तर के कर्मचारियों के वेतन में भारी वृद्धि
नई नीति के अनुसार L-5 से L-8 स्तर के कर्मचारियों के वेतन में 60 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। इसके अलावा लैपटॉप एवं संचार भत्ते में बढ़ोतरी की गई है। पहली बार कर्मचारियों को शिक्षा भत्ता और व्यावसायिक विकास भत्ता भी मिलेगा। वहीं स्वास्थ्य संबंधी खर्च के लिए कर्मचारी प्रति माह 1,000 रुपये तक का दावा कर सकेंगे।
कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का भी लाभ
नई व्यवस्था में पात्र कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का लाभ भी मिलेगा। प्रखंड और जिला स्तर पर कार्यरत कर्मियों के क्षेत्र भ्रमण भत्ते में वृद्धि की गई है। साथ ही समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा की राशि 20 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये और समूह मेडिक्लेम बीमा 5 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया गया है।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह निर्णय JSLPS कर्मियों के सुरक्षित, समृद्ध और खुशहाल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कर्मचारियों की इस मांग पर सरकार ने सकारात्मक निर्णय लिया है। इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और JSLPS की कार्यक्षमता को नई गति मिलेगी।


