एशियन गेम्स में स्वर्ण जीतकर रांची लौटीं झारखंड की चार हॉकी चैंपियन, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

0

Ranchi: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक स्वर्णिम जीत के बाद झारखंड की चार स्टार खिलाड़ी रविवार को रांची पहुंचीं। भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे, ओलंपियन निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और युवा खिलाड़ी दीपिका सोरेंग के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचते ही खेलप्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल मुकाबले में चीन को 1-0 से हराकर एशियन गेम्स में 44 साल बाद महिला हॉकी का स्वर्ण पदक जीता। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में झारखंड की इन चारों खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही।

जापान से बेंगलुरु होते हुए रांची पहुंचीं खिलाड़ियों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर पहले से ही बड़ी संख्या में हॉकी खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेलप्रेमी और परिजन मौजूद थे। जैसे ही खिलाड़ी एयरपोर्ट से बाहर निकलीं, ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। खेलप्रेमियों ने हॉकी स्टिक उठाकर और फूल-मालाओं के साथ अपनी चैंपियन बेटियों का अभिनंदन किया।

माता-पिता से मिलकर भावुक हुईं खिलाड़ी

स्वागत के दौरान सबसे भावुक पल तब आया, जब चारों खिलाड़ियों ने अपने माता-पिता और परिजनों से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। लंबे अंतरराष्ट्रीय अभियान के बाद घर लौटीं बेटियों को सामने देखकर परिजन भी भावुक नजर आए।

इसके बाद हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने चारों चैंपियन खिलाड़ियों को बुके, फूल-मालाएं और मिठाई देकर सम्मानित किया। एयरपोर्ट परिसर में मौजूद लोगों ने खिलाड़ियों के सम्मान में जमकर नारे लगाए। पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘झारखंड की बेटियां जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।

झारखंड की बेटियों ने बढ़ाया देश का गौरव

सलीमा टेटे की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम की यह जीत न केवल देश के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि झारखंड के लिए भी ऐतिहासिक उपलब्धि है। राज्य की चार खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने प्रदर्शन से झारखंड की हॉकी प्रतिभा का परचम लहराया है। उनकी स्वर्णिम सफलता से राज्य के युवा हॉकी खिलाड़ियों में भी नई उम्मीद जगी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here