Latehar : जिले के मनिका थाना प्रभारी और एएसआई अविनाश कुमार पर एक व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। बंधुआ मनिका निवासी कृष्णा प्रसाद ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए अपने शरीर पर लगी चोट के निशान भी दिखाए हैं। मामला उनके 16 वर्षीय बेटे के लापता होने से जुड़ा बताया जा रहा है।
परिजनों के मुताबिक, कृष्णा प्रसाद का 16 वर्षीय बेटा छोटू 15 अगस्त को झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए स्कूल गया था। कार्यक्रम के बाद से ही वह लापता है। काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने थाने पहुंचकर बेटे की गुमशुदगी की शिकायत की।
परिवार का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को यह भी बताया था कि बच्चे के लापता होने में उसके कुछ रिश्तेदारों पर उन्हें संदेह है। हालांकि, पुलिस से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिवार ने मामले में न्याय की गुहार लगाई।
बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार
पुलिस से न्याय की उम्मीद में थक-हारकर पीड़ित परिवार रांची स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचा। परिवार को प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की उम्मीद थी। हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी में बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने पीड़ित परिवार की पूरी बात सुनी।
अभय सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मनिका थाना प्रभारी से फोन पर बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए जल्द न्याय दिलाने की बात कही।
बेटे की तलाश और पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
एक तरफ 16 वर्षीय छोटू के लापता होने से परिवार परेशान है, वहीं दूसरी ओर उसके पिता के साथ कथित मारपीट के आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है। परिवार ने पुलिस से बेटे की जल्द बरामदगी के साथ-साथ मारपीट के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल, पूरे मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही मारपीट के आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।


