Ranchi : भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में होने वाले टी20 मुकाबले में अभी चार दिन का समय बाकी है, लेकिन मैच का रोमांच अभी से शहर की सड़कों पर दिखाई देने लगा है। मुकाबले का टिकट लेने के लिए क्रिकेट फैंस 4 अक्टूबर की शाम से ही जेएससीए स्टेडियम के बाहर कतार में लग गए।
शाम ढलने के साथ भी टिकट के लिए लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। रात होने के बाद भी कतार लंबी होती चली गई। टिकट मिलने की उम्मीद में कई क्रिकेट प्रेमियों ने स्टेडियम के बाहर ही डेरा डाल दिया। कोई सड़क किनारे बैठकर रात गुजारता नजर आया, तो कोई खाना खाते हुए अपनी बारी का इंतजार करता रहा। कई फैंस ने तो वहीं सोकर रात बिताई।
भारत के मैच को लेकर रांची के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। फैंस का कहना है कि टीम इंडिया को अपनी आंखों के सामने खेलते देखने का मौका वे किसी भी कीमत पर गंवाना नहीं चाहते। यही वजह है कि टिकट के लिए लोग कई घंटे पहले से कतार में पहुंच रहे हैं।
जेएससीए स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर शहर में अभी से क्रिकेट का माहौल बन गया है और आने वाले दिनों में उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है।


