Ranchi/Latehar : लातेहार जिले के हेरहंज में आदिवासी महिला पुनिया देवी की कथित पिटाई और दुर्व्यवहार के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
एसएचओ पर आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 5 अक्टूबर की है. आरोप है कि बरियातू थाना के एसएचओ सादे कपड़ों में तीन अन्य पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे और बकरी चराने के दौरान पुनिया देवी की बेरहमी से पिटाई की. इसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया.
महिला ने लगाया आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि थाने में भी उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया. उन्हें कथित तौर पर टांगकर पीटा गया और जातिसूचक गालियां दी गईं. आरोप है कि पुलिस ने उन्हें 6 अक्टूबर की रात में छोड़ा.
मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने जांच के निर्देश दिए हैं. अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी.


