Ranchi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा ने रांची के प्रमुख हरमू चौक का नामकरण ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक जुलूस की शक्ल में चौक पहुंचे।
इसे भी पढ़ें- साड़ी पहनकर नंगे पैर दौड़ी कविता, 10 मिनट की दौड़ 6 मिनट में पूरी कर पेश की मिसाल
कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान हरमू चौक का औपचारिक रूप से नामकरण ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ किया गया।
मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। स्वतंत्रता के 100वें वर्ष यानी 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प है।
140 करोड़ लोगों की भागीदारी जरूरी
उन्होंने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के 140 करोड़ लोगों की भागीदारी और सामूहिक संकल्प जरूरी है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हरमू चौक का नामकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि रांची के इस प्रमुख चौक से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं। अब यह चौक लोगों को विकसित भारत के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका की याद दिलाता रहेगा।
विकसित भारत का लें संकल्प – आदित्य
आदित्य साहू ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित होगी। युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना, सुशासन और पारदर्शिता मजबूत करना, नवाचार, मेक इन इंडिया और उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार इसके प्रमुख आधार हैं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में हेमंत दास, शशांक राज, संदीप वर्मा, शोभा यादव, सतीश सिन्हा, सीमा सिंह, सूरज शाहदेव, रमेश सिंह, वरुण साहू, आरती सिंह, सुनील साहू, सुचिता सिंह, रंजीता सिंह और ललित ओझा समेत कई लोग मौजूद रहे।


