राजा रघुवंशी हत्याकांड: कैमरे में कैद हुई साजिश, सवालों के घेरे में इंसाफ की राह

0
695

Indore: इंदौर में 23 मई को घटित राजा रघुवंशी हत्याकांड अब देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है. यह कोई आम अपराध नहीं, बल्कि सुनियोजित और बर्बर हत्या थी, जिसे तीन आरोपियों ने बेहद शांतचित्त और पेशेवर अंदाज़ में अंजाम दिया. ट्रैकर कैमरे में कैद इस साजिश की हर परत अब खुलती जा रही है. विशाल, आनंद और आकाश नाम के इन युवकों ने दिनभर राजा और उसकी पत्नी सोनम की रैकी की, उनका पीछा किया और फिर सुनसान जगह पर घात लगाकर हत्या कर दी.

वीडियो फुटेज से यह स्पष्ट है कि यह कोई आवेश में किया गया अपराध नहीं था, बल्कि इसे ठंडी दिमागी योजना के तहत अंजाम दिया गया. विशाल बार-बार पीछे मुड़कर देखता है, उसकी आंखों की हलचल और हर हरकत में अपराध की पूर्व तैयारी झलकती है. राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ बाइक पर था, उसे जरा भी अंदाज़ा नहीं था कि पीछे दूसरी बाइक पर उसके अपने ही कातिल साये की तरह पीछा कर रहे हैं.

फुटेज से साफ होता है कि इन तीनों ने सुबह से लेकर हत्या तक का हर क्षण रिकॉर्ड किया. कब कौन कहां गया, कौन साथ था, रास्ता कब सुनसान होगा – हर चीज़ की बारीकी से योजना बनाई गई. राजा की हत्या के बाद सभी आरोपी अलग-अलग रास्तों से अपने ठिकानों तक ऐसे लौट गए जैसे कुछ हुआ ही न हो. हत्याकांड के मास्टरमाइंड राज कुशवाह ने भी घटना के बाद पूरी शांति ओढ़ ली थी.

लेकिन जैसे ही यह मामला मीडिया में आया, परत दर परत सच बाहर आने लगा. मेघालय पुलिस ने पहले राजा का शव बरामद किया और फिर जांच के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए, जिसमें यह भी सामने आया कि राजा की पत्नी सोनम भी इस हत्याकांड की साजिश में शामिल थी.

इस घटना ने न सिर्फ एक मासूम की जान ली, बल्कि पूरे समाज को हिला कर रख दिया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहे हैं, हत्या के बाद आरोपी बेधड़क घूमते हैं और कैमरों से भी अब अपराधियों को डर नहीं लगता. युवाओं के मन में यह सवाल घर कर गया है कि “क्या मेरे साथ भी कभी ऐसा हो सकता है?”

पुलिस के पास अब पुख़्ता सबूत हैं – कई सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों की गिरफ्तारी और इकबाल-ए-जुर्म. लेकिन असल सवाल यह है कि क्या ये सबूत सिर्फ अदालत में दिखाने के लिए रह जाएंगे, या फिर इन्हें तेज़ न्याय प्रक्रिया के तहत पेश कर राजा को इंसाफ दिलाया जाएगा? क्या यह मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा और क्या दोषियों को फांसी की सज़ा मिलेगी?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर हनीमून के नाम पर अपने पति को क्यों मौत के मुंह में ले गई सोनम? अगर इस मामले में इंसाफ मिला भी, तो क्या उस डर को मिटाया जा सकेगा जो आज समाज के हर कोने में पनप रहा है? अब जब पुलिस के पास सबूत हैं, आरोपी गिरफ्त में हैं, तो ज़िम्मेदारी सिर्फ कानून की नहीं, बल्कि समाज की भी है – यह सोचने की कि बदलाव कहां से शुरू होगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here