Jhar Media: बंगाल के चुनावी रण के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक अलग और आध्यात्मिक रूप शुक्रवार सुबह कोलकाता की हुगली नदी के तट पर देखने को मिला।
धुंआधार प्रचार के बाद हुए रिलेक्स
गुरुवार को नदिया और दक्षिण 24 परगना में विशाल जनसभाओं को संबोधित करने, बेलूर मठ में आध्यात्मिक शांति प्राप्त करने और हावड़ा की सड़कों पर जनसैलाब के बीच रोड शो करने के बाद प्रधानमंत्री ने रात्रि विश्राम कोलकाता स्थित राजभवन (अब लोकभवन) में किया।
गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की
शुक्रवार की अलसुबह वे हुगली के तट पर पहुंचे, जहां उन्होंने न केवल गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की, बल्कि हाथ में कैमरा थामे प्रकृति और जनजीवन के सुंदर दृश्यों को भी कैद किया।
प्रधानमंत्री ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर अपनी नौका विहार की तस्वीरें साझा करते हुए बंगाल की संस्कृति और गंगा के साथ उसके अटूट रिश्ते को रेखांकित किया। उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए लिखा कि हर बंगाली के लिए गंगा का स्थान अत्यंत विशेष है और यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है।



