New Delhi: भारतीय रेलवे ने 1 जुलाई 2025 से ट्रेन किराए में बढ़ोतरी का फैसला लिया है, जिससे लाखों यात्रियों को आर्थिक झटका लगा है. सोमवार को रेलवे मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के नॉन-एसी क्लास का किराया प्रति किलोमीटर एक पैसा तथा एसी क्लास का किराया दो पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ाया गया है. यह संशोधन राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत, तेजस, दुरंतो, हमसफर, अमृत भारत, महामना, गतिमान, अंत्योदय, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस, एसी विस्टाडोम और अनुभूति कोच सहित सभी प्रीमियम और विशेष ट्रेन सेवाओं पर लागू होगा.
रेल मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया है कि उपनगरीय ट्रेनों और मासिक सीजन टिकट (MST) के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसके अलावा, 500 किलोमीटर तक की दूरी तय करने वाले साधारण द्वितीय श्रेणी के यात्रियों के किराए में कोई वृद्धि नहीं की गई है. हालांकि, इससे अधिक दूरी के लिए प्रति किलोमीटर आधा पैसा अधिक देना होगा.
स्लीपर और प्रथम श्रेणी कोच के यात्रियों को भी अब प्रति किलोमीटर आधा पैसा अतिरिक्त देना होगा. उदाहरण के लिए, 501 से 1500 किलोमीटर तक का सफर करने पर सेकंड क्लास यात्री को पांच रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे. 1501 से 2500 किलोमीटर तक की यात्रा पर यह वृद्धि 10 रुपये और 2501 से 3000 किलोमीटर के बीच 15 रुपये तक होगी.
रेलवे ने यह भी कहा है कि किराए में यह संशोधन 1 जुलाई 2025 या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर ही लागू होगा. इससे पहले बुक किए गए टिकट पुराने किराए पर ही मान्य रहेंगे और उनके लिए किसी तरह का समायोजन नहीं किया जाएगा. पीआरएस (Passenger Reservation System), यूटीएस (Unreserved Ticketing System) और मैनुअल टिकटिंग सिस्टम को नए किराए के अनुसार अपडेट किया जा रहा है.
मंत्रालय ने सहायक शुल्कों में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया है. आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट अधिभार और अन्य शुल्क पूर्ववत ही रहेंगे. रेलवे ने यह कदम परिचालन लागत में बढ़ोतरी और सेवा सुधार के मद्देनजर उठाया है, लेकिन इससे आम यात्री की जेब पर बोझ अवश्य बढ़ेगा.



