New Delhi: आयुर्वेद में कहा गया है कि भोजन ही सबसे बड़ी दवा है – बशर्ते उसे सही समय पर और सही तरीके से खाया जाए. लेकिन कुछ चीजें ऐसी हैं जिन्हें रात के समय खाना शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है. वैद्य भरत प्रजापति के अनुसार, रात को प्याज, दही और बीन्स (फलियां) खाना स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है.
सूरज ढलने के बाद ये 3 चीजें क्यों न खाएं?
आयुर्वेद के मुताबिक, रात के समय शरीर की पाचन शक्ति सबसे कमजोर होती है. सूर्य भगवान की अनुपस्थिति में शरीर कुछ खास प्रकार के खाद्य पदार्थों को पचाने में सक्षम नहीं रहता. प्याज, दही और बीन्स वायु दोष बढ़ाते हैं. जिससे गैस, पेट फूलना, बदहजमी, माइग्रेन, गठिया और यहां तक कि महिलाओं में गर्भाशय से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं.
1. दही
रात को दही खाना कफ और बलगम को बढ़ाता है. इससे शरीर के चैनल्स ब्लॉक हो सकते हैं, जिससे खांसी, जुकाम और सांस की समस्याएं बढ़ सकती हैं. साथ ही, ठंड के मौसम में यह आदत और भी खतरनाक हो जाती है.
2. प्याज
प्याज में अमोनिया पाया जाता है, जिसे पचाने के लिए तेज अग्नि और दिन का समय जरूरी होता है. रात को प्याज खाने से यह अमोनिया शरीर में रह जाता है और माइग्रेन को ट्रिगर कर सकता है. इससे नींद भी प्रभावित हो सकती है.
3. बीन्स (फलियां)
बीन्स में वायु तत्व की अधिकता होती है. रात में इनका सेवन करने से आम वात, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल इंफेक्शन और पेट की गड़बड़ी की आशंका बढ़ जाती है. गठिया रोगियों और माइग्रेन के मरीजों को यह खासतौर पर नहीं खाना चाहिए. अगर आप चाहते हैं कि डॉक्टर और दवा से दूरी बनी रहे, तो इन तीन चीजों को रात में खाना छोड़ दीजिए. आयुर्वेद कहता है कि जब खानपान सही होगा, तभी शरीर स्वस्थ रहेगा. हालांकि, किसी भी नुस्खे को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.



