Ranchi : शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। ट्रैफिक एसपी और ग्रामीण एसपी की अगुवाई में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 250 से अधिक प्रेशर हॉर्न और करीब 400 मोडिफाइड साइलेंसर पर बुलडोजर चलाकर उन्हें नष्ट किया गया। यह कार्रवाई शहरवासियों, खासकर बुजुर्गों और मरीजों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए की गई।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा हाल के दिनों में चलाए गए लगातार अभियानों के तहत 700 से ज्यादा अवैध साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जब्त किए गए थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह को कई बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों ने शिकायत दी थी कि अस्पताल परिसरों के आसपास और रात के समय मोडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकें अत्यधिक तेज आवाज करती हैं। इससे न सिर्फ मरीजों की नींद और इलाज में बाधा आती है, बल्कि आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शिकायतों में यह भी बताया गया कि कुछ युवा जानबूझकर तेज आवाज वाले साइलेंसर का इस्तेमाल कर सड़कों पर स्टंट और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को भी खतरा पैदा होता है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक एसपी के निर्देश पर व्यापक स्तर पर जांच और धरपकड़ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में चेकिंग कर नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोका। अवैध रूप से लगाए गए प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर को मौके पर जब्त किया गया और बाद में उन्हें बुलडोजर से नष्ट कर दिया गया, ताकि दोबारा इनका इस्तेमाल न हो सके।
ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जुर्माना, वाहन जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अवैध उपकरणों का इस्तेमाल न करें और शहर को शांत व सुरक्षित बनाने में सहयोग दें।



