Ranchi: नीरा यादव ने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर झारखंड विधानसभा में सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार साइबर ठगी पर नियंत्रण के दावे तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर पीड़ितों को समय पर राहत नहीं मिल पा रही है। नीरा यादव ने आरोप लगाया कि साइबर अपराधी लगातार सक्रिय हैं और आम लोगों की मेहनत की कमाई लूटी जा रही है, जबकि सरकार केवल उपलब्धियों का बखान कर रही है।

इस पर विभागीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि राज्य सरकार साइबर अपराध पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि दर्ज मामलों में से लगभग 90 प्रतिशत मामलों में राशि की रिकवरी कर ली गई है। मंत्री ने बताया कि साइबर थानों को मजबूत किया गया है और जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग ठगी से बच सकें।

वहीं, 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर सदन में राज्य का बजट पेश करेंगे। इसे लेकर मंत्री दीपिका पांडे सिंह और मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि यह बजट किसानों, ग्रामीणों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार महिला कृषकों को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष प्रावधान करेगी और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देगी।

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का चौथा दिन शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ, हालांकि सदन में विधायकों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। इस पर सत्ता पक्ष ने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा कि पार्टी के लिए नगर निकाय चुनाव अधिक महत्वपूर्ण हैं। वहीं, बीजेपी विधायकों का कहना था कि सत्र महत्वपूर्ण है, लेकिन चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्थन के लिए नेताओं की मौजूदगी भी जरूरी है।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here