Ranchi : के चैंबर भवन स्थित FJCCI कार्यालय में शुक्रवार को रांची जिला शतरंज चैम्पियनशिप 2026 का उद्घाटन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद Mahua Maji रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उप महापौर नीरज कुमार और FJCCI अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि महुआ माजी ने कहा कि शतरंज मानसिक विकास, धैर्य और रणनीतिक सोच को मजबूत करने वाला खेल है। उन्होंने युवाओं से इस खेल से जुड़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का आह्वान किया। वहीं आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का सम्मान किया गया तथा शतरंज की बिसात पर पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया। महासचिव नवजोत अलंग ने कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि अनुशासन और रणनीति का प्रतीक है।
इस चैम्पियनशिप में जिले भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता युवाओं को प्रतिस्पर्धात्मक मंच देने और झारखंड में शतरंज को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


