Patna: दीपावली के त्योहार से पहले मिठाइयों की खरीदारी करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अगमकुआं के बड़ी पहाड़ी स्थित एक बिना लाइसेंस वाले प्रतिष्ठान से 21,339 किलो मिठाइयां जब्त की हैं. जब्त मिठाइयों की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख 13 हजार रुपये बताई जा रही है.
छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को प्रतिष्ठान में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं. जांच में साफ-सफाई की कमी, मिठाइयों के खराब भंडारण और पैकेजिंग पर जरूरी जानकारियां नहीं होने जैसी खामियां सामने आईं.
विभाग की इस कार्रवाई के दौरान कई बेकरी संचालकों को व्यवस्था में सुधार करने के लिए नोटिस जारी किया गया है. वहीं, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक मिठाई दुकान को बंद करने का आदेश भी दिया गया है.
त्योहारी सीजन में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी है. ऐसे में विभाग ने मिठाई खरीदते समय गुणवत्ता, साफ-सफाई और पैकेजिंग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत को रेखांकित किया है.

