Lohardaga : झारखंड में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोहरदगा जिले के कुडू में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 98.25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आठ युवकों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की महिंद्रा थार (JH01FX0060) को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में छह रांची और दो लातेहार जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, लोहरदगा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-कुडू मार्ग से महिंद्रा थार में ब्राउन शुगर की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने कुडू के केरवाडी मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने की रणनीति बनाई।
इसी दौरान चंदवा की ओर से काले रंग की थार पहुंची। वाहन सड़क किनारे खड़ा करने के बाद उसमें सवार दो युवक पास के एक निर्माणाधीन मकान में चले गए। पुलिस ने संदेह के आधार पर मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। अंदर आठ युवक मौजूद मिले। तलाशी के दौरान सभी के पास से एल्युमिनियम फॉयल में पैक ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
रितु राज के पास से सबसे अधिक 32.81 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रितु राज जायसवाल के पास से सबसे अधिक 32.81 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। वहीं सोनू राज कुमार के पास से 16.12 ग्राम और वाहीद अंसारी के पास से 11.09 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया। अन्य आरोपियों के पास से भी नशीला पदार्थ मिला। सभी के पास से कुल 98.25 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
रांची और लातेहार के युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र निवासी पंकज कुमार, अभय कुमार, संदीप कुमार यादव और आर्यन राज चौधरी तथा गोंदा थाना क्षेत्र निवासी अलतमस अंसारी और वाहीद अंसारी के रूप में हुई है। वहीं लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के रितु राज जायसवाल उर्फ रितु राज कुमार और सोनू राज कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को लेकर भी जांच की जा रही है।


