BOKARO: झारखंड के बोकारो में एक दर्दनाक घटना में तीन साल के मासूम साहिल राम की गोली लगने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बच्चा खिलौना समझकर असली बंदूक से खेल रहा था. इसी दौरान गोली चल गई और उसके सिर में जा लगी. गंभीर रूप से घायल साहिल की मौत हो गई.
मामा राजेश कुमार ने थमायी थी बंदूक
मिली जानकारी के अनुसार, साहिल राम अपने मामा राजेश कुमार से चॉकलेट मांग रहा था. आरोप है कि चॉकलेट देने के बजाय मामा ने उसे खेलने के लिए बंदूक दे दी. परिजनों को बंदूक खिलौना जैसी लगी, जिसके कारण उन्होंने बच्चे को उससे खेलने से नहीं रोका.
इसी दौरान बंदूक से गोली चल गई और साहिल के सिर में लग गई. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और इलाके में शोक का माहौल है.
घटना के बाद मामा के फरार होने की सूचना
घटना के बाद साहिल के मामा राजेश कुमार के फरार होने की बात सामने आई है. हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और बंदूक से गोली चलने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
तीन साल के मासूम की इस दर्दनाक मौत ने एक बार फिर घरों में हथियारों की सुरक्षा और बच्चों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.


