गरीब दंपति की आर्थिक स्थिति का हवाला देकर बच्ची को देने का दबाव बनाने का आरोप
चास एसडीओ के निर्देश पर पुलिस कर रही मामले की जांच
Bokaro : बोकारो जनरल अस्पताल यानी BGH में मानवता को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक गरीब दंपति की नवजात बेटी को कथित तौर पर दो लाख रुपये में देने का प्रस्ताव रखे जाने का आरोप लगा है। मामले में अस्पताल की एक सफाईकर्मी और तीन नर्सों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के बाद चास एसडीओ के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सर्कस मैदान निवासी मनोज कुमार की पत्नी सोनी कुमारी 29 अक्टूबर को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती हुई थीं। उसी दिन शाम करीब पांच बजे उन्होंने सामान्य प्रसव के जरिए एक बेटी को जन्म दिया। मनोज कुमार का आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद अस्पताल की एक सफाईकर्मी और तीन नर्सों ने उनसे संपर्क किया।
आरोप के मुताबिक, अस्पताल कर्मियों ने दंपति की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि वे गरीब हैं और नवजात बच्ची का ठीक से पालन-पोषण नहीं कर पाएंगे। इसके बाद कथित तौर पर बच्ची को दो लाख रुपये में किसी दूसरे को देने का प्रस्ताव रखा गया। इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
एसडीओ के निर्देश पर पुलिस जांच शुरू
मामले को लेकर सेक्टर-4 थाना प्रभारी ने बताया कि चास एसडीओ के आदेश पर पुलिस टीम जांच के लिए गई थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंप दी जाएगी।
नवजात बच्ची को लेकर लगाए गए इस गंभीर आरोप ने इलाके में चर्चा तेज कर दी है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची को दो लाख रुपये में देने का कथित प्रस्ताव किसने और किन परिस्थितियों में रखा था।


