IPL: RCB की जीत से ज्यादा वैभव के विस्फोटक खेल के चर्चे, कई ट्रॉफी और कैश किए अपने नाम

0
96

Sports Desk: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को पांच विकेट से हराकर अपना खिताब सफलतापूर्वक बचा लिया. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई.

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन टीम को बीच के ओवरों में कुछ झटके भी लगे. ऐसे समय में विराट कोहली ने जिम्मेदारी संभाली और अपनी क्लासिक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. कोहली ने महज 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो IPL में उनका सबसे तेज अर्धशतक रहा.

Team RCB after Won

कोहली 42 गेंदों पर 75 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनकी पारी में नौ चौके और तीन छक्के शामिल रहे. यह IPL प्लेऑफ में उनका अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है. उनकी मैच विजेता पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

RCB ने 18 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और IPL के 19वें सीजन की ट्रॉफी अपने नाम कर ली.

वैभव सूर्यवंशी बने सीजन के सबसे बड़े सितारे

हालांकि IPL 2026 का खिताब RCB ने जीता, लेकिन पूरे सीजन में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया.

वैभव ने 16 पारियों में 48.50 की औसत और 237.30 के शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और सीजन के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक भी लगाए.

सीजन के बाद वैभव ने कहा, “आप हर मैच एक ही तरीके से नहीं खेल सकते. आपको मैच की स्थिति को समझना होता है और टीम की जरूरत के अनुसार खेलना पड़ता है. प्लेऑफ मुकाबलों में मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला.”

उन्होंने आगे कहा, “मैं अपने खेल पर भरोसा करता हूं. अगर मुझे लगता है कि किसी गेंद पर शॉट लगाया जा सकता है, तो मैं पूरे आत्मविश्वास के साथ उसे खेलने की कोशिश करता हूं.”

भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए युवा बल्लेबाज ने कहा,

“मैं लंबे समय तक क्रिकेट खेलना चाहता हूं. इसके लिए मुझे अपनी फिटनेस पर लगातार काम करना होगा और उस पर विशेष ध्यान देना होगा.”

RCB की ऐतिहासिक जीत और वैभव सूर्यवंशी के शानदार प्रदर्शन ने IPL 2026 को क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यादगार बना दिया है.

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here