कांग्रेस प्रत्याशी पर झामुमो नाराज, सुप्रियो बोले- हमारे कार्यकर्ताओं की भावनाओं को पहुंची ठेस
Ranchi : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा प्रणव झा को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सत्तारूढ़ गठबंधन में मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कांग्रेस के फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई है।
कांग्रेस पर एकतरफा निर्णय लेने का आरोप
झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर एकतरफा निर्णय लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा उम्मीदवार के चयन को लेकर कांग्रेस झामुमो से आग्रह कर सकती थी, लेकिन अंतिम निर्णय लेने का अधिकार झामुमो का था। कांग्रेस ने बिना पर्याप्त चर्चा और सहमति के प्रत्याशी घोषित कर पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को आहत किया है।

झामुमो ने हमेशा गठबंधन धर्म का पालन किया
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो ने हमेशा गठबंधन धर्म का पालन किया है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को नौ सीटें देकर सहयोग किया गया, लेकिन बदले में कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव में झामुमो को सम्मानजनक हिस्सेदारी नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झामुमो को पांच सीटें भी नहीं दीं, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन सहयोगियों के बीच संवाद और समन्वय जरूरी है। राज्यसभा उम्मीदवार के मुद्दे पर जिस तरह निर्णय लिया गया, उससे झामुमो कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी आगे की रणनीति पर विचार कर रही है और संगठन की भावना के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा।
राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में बढ़ी इस तल्खी ने महागठबंधन के भीतर संबंधों को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें झामुमो के अगले कदम और कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।
डैमेज कंट्रोल में जुटी कांग्रेस
गठबंधन में तनाव के बाद डैमेज कंट्रोल में कांग्रेस जुट गई है. जानकारी के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के ऑब्जर्वर बनाए गए भूपेश बघेल आज रांची पहुंचेंगे. इस दौरान वे पार्टी नेताओं और सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे, और गतिरोध खत्म करने का प्रयास करेंगे.


