Ranchi: 2.20 करोड़ रुपये के इनामी माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ आकाश की गिरफ्तारी के बाद झारखंड पुलिस ने अब लंबे समय से फरार तीन वांछित नक्सलियों पर फोकस बढ़ा दिया है. असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद अभियान का अगला चरण बचे हुए सक्रिय और वांछित कैडरों तक पहुंचने पर केंद्रित है.
पुलिस तीन वांछित नक्सलियों की तलाश
पुलिस के रडार पर राजू भुइयां, मनोहर गंझू और नीतीश यादव बताए जा रहे हैं. राजू भुइयां का क्षेत्र नेतरहाट-लातेहार, मनोहर गंझू का चतरा, जबकि नीतीश यादव का नेटवर्क गया-डुमरिया, औरंगाबाद और पलामू के सीमावर्ती इलाकों से जुड़ा बताया गया है.
असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद इन क्षेत्रों में झारखंड पुलिस की गतिविधियां और निगरानी बढ़ने की बात सामने आई है. अभियान तेज कर दिया गया है.
बंगाल पुलिस की हिरासत में है असीम मंडल
असीम मंडल फिलहाल पश्चिम बंगाल पुलिस की हिरासत में है. झारखंड पुलिस उससे जुड़े मामलों में पूछताछ के लिए उसकी रिमांड लेने की तैयारी में है. रिपोर्टों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसके संपर्कों, सहयोगियों और संगठन से जुड़े अन्य फरार सदस्यों के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाएगी.
असीम मंडल की गिरफ्तारी को झारखंड में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है. अब पुलिस की निगाह उन बचे हुए वांछित चेहरों पर है, जिनकी तलाश लंबे समय से जारी है.


