भीषण गर्मी पर सरकार सख्त, सभी जिलों को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

0
57

Ranchi: झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। सरकार की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि आम लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए हर स्तर पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निर्देश के अनुसार, सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी (CO), बीडीओ, पंचायत प्रतिनिधि तथा सरकारी कार्यालय अपने-अपने कार्यालयों के बाहर एवं सार्वजनिक स्थलों पर लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था करेंगे। साथ ही इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि राहगीरों और आम नागरिकों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सके।

सरकार ने सभी उपायुक्तों को यह भी निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति कराई जाए। इसके अलावा खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत और अन्य वैकल्पिक जल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसे प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने को कहा गया है।

भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच सरकार के इस फैसले से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here