Ranchi: चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से झारखंड में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में 28 और 29 अक्टूबर को कक्षा केजी से 12वीं तक पठन-पाठन स्थगित रहेगा। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र ने रांची को ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्र में चिह्नित करते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका व्यक्त की है।
मौसम की संभावित गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत स्कूलों में कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश जारी किया है। यह आदेश जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों पर लागू होगा।
प्रशासन का उद्देश्य खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित जोखिम से बचाव करना है। अभिभावकों और विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें।


