Ranchi : झारखंड में लगातार बदलते मौसम, भीषण गर्मी, पेयजल संकट और बढ़ती महंगाई को लेकर रांची के पूर्व मेयर प्रत्याशी सोनू खलखो ने चिंता जताई है। सोमवार को मोरहाबादी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इन दिनों कई समस्याओं से एक साथ जूझ रही है।
सोनू खलखो ने कहा कि किसानों पर मौसम की मार सबसे अधिक पड़ रही है। पहले भीषण गर्मी और कम बारिश से फसलों को नुकसान हुआ, वहीं कई इलाकों में अचानक हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने स्थिति को और खराब कर दिया। उन्होंने बताया कि बीज, खाद, कीटनाशक और डीजल की बढ़ती कीमतों ने खेती की लागत बढ़ा दी है, जिससे किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
उन्होंने मजदूरों, छात्रों और महिलाओं की समस्याओं का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि गर्मी और बिजली कटौती से मजदूरों की आय प्रभावित हो रही है, जबकि छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। वहीं महंगाई के कारण घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
सोनू खलखो ने राज्य में बढ़ते पेयजल संकट पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से किसानों, मजदूरों, छात्रों और आम जनता को राहत देने के लिए प्रभावी और जनहितकारी कदम उठाने की मांग की।


