Jhar Media: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में फिर आतंकी हमला हुआ है, इसमें 25 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है. इस घटना के बाद भारत सरकार अलर्ट मोड में है. पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया है.
भारतीय सेना, विक्टर फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. पूरे इलाके को घेर लिया गया है. जंगलों के ऊपर हेलिकॉप्टर से नजर रखी जा रही है, जिससे आतंकियों की तलाश की जा सके. बताया जा रहा है कि आतंकियों ने पहले पर्यटकों से उनके नाम और धर्म पूछा, इसके बाद गोली मार दी.
गृह मंत्री अमित शाह पहलगाम के लिए रवाना हो गए हैं. पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर पर नजर बनाए हुए हैं. आर्मी चीफ भी जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होने वाले हैं. इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है. दिल्ली में मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह ने हाई-लेवल मीटिंग कर बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है. निहत्थे और बेसहारा पर्यटकों पर आतंकियों के द्वारा कायराना तरीके से हमला करने की घटना की चौतरफा आलोचना हो रही है.
इस घटना में इजराइल और इटली के भी पर्यटकों को आतंकियों ने निशाना बनाया है. ऐसे में बड़ा सवाल है कि क्या पहलगाम हमले का जवाब भारत पुलवामा जैसे ही देने जा रहा है?
इससे पहले, 14 फरवरी 2019 को पुलवामा हमला हुआ था. इसके जवाब में भारत ने 12 दिन बाद 26 फरवरी 2019 को बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी, जिसमें 300 से अधिक आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया था. उस आतंकी हमले में 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे.



