Jhar Media: अयोध्या जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उस वक्त गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब हत्या और दुष्कर्म जैसे संगीन मामलों में बंद दो कैदी जेल से फरार हो गए. फरार कैदियों के नाम गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज अग्रहरी बताए जा रहे हैं. दोनों आरोपी मूल रूप से सुल्तानपुर जनपद के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी का पता अमेठी से भी जुड़ा बताया जा रहा है. घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के मुताबिक, दोनों कैदी अयोध्या जिला जेल में हत्या और दुष्कर्म के मामलों में बंद थे. बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने जेल की बाउंड्री वॉल कूदकर फरारी को अंजाम दिया. यह घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर जेल की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है.
कैदियों के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई. जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं. आसपास के जिलों में भी सूचना भेज दी गई है ताकि फरार कैदियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके.
इस मामले को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है. लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जेल अधीक्षक, जेलर और डिप्टी जेलर को सस्पेंड कर दिया गया है. साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं. यह जांच यह पता लगाएगी कि फरारी के पीछे किसी तरह की अंदरूनी मिलीभगत थी या सुरक्षा में चूक के कारण यह घटना हुई.
फिलहाल जेल प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता फरार कैदियों की गिरफ्तारी है. प्रशासन का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर जेलों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर अब सख्त कदम उठाए जाने की बात कही जा रही है.




















































