Ranchi: झारखंड के पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर बड़ा निशाना साधा.BJP प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए. श्री मरांडी ने कहा कि 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस पर झारखंड की उप राजधानी दुमका में मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा नहीं फहराया जाएगा, और इसके पीछे कोई आकस्मिक आपदा या घटना नहीं है बल्कि मुख्यमंत्री का विदेश दौरा है. लंदन की सड़कों पर मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे सैर सपाटे और खरीदारी है.
बाबूलाल ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री के द्वारा तिरंगा नहीं फहराया जाना देश की स्वतंत्रता,गणतंत्र और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रति मुख्यमंत्री का दृष्टिकोण साफ साफ दिखाई पड़ रहा है. मरांडी ने कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान का अपमान है. ये वही लोग हैं जो सदन में ,सड़क पर ,चौक चौराहों पर संविधान की पुस्तक लहराते है, पॉकेट में लेकर घूमते हैं, लेकिन राष्ट्रीय पर्व की मर्यादा भूल जाते हैं.
बाबूलाल नेकहा कि दावोस यात्रा का कार्यक्रम 23 जनवरी को समाप्त हो गया. अन्य राज्यों से गए मुख्यमंत्री गण,पदाधिकारी गण भारत लौट आए, लेकिन झारखंड के मुख्यमंत्री और साथ गए वरिष्ठ पदाधिकारी अपनी पत्नियों के साथ लंदन में सैर सपाटे में शामिल हैं. लंदन की सड़कों पर मुख्यमंत्री झारखंड के बालू , पत्थर,कोयला की लूटी कमाई को लुटा रहे हैं. यह राज्य के लिए अत्यंत शर्मनाक स्थिति है.


