Ranchi: राजधानी रांची में बीते दिनों दिनदहाड़े महिला के गले से चेन छीनने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मनु कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. वह सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम इलाके का रहने वाला है. उसके पास से पुलिस ने करीब 9 ग्राम गलाया हुआ सोना भी बरामद किया है, जिसे लूटी गई चेन को गलाकर निकाला गया था.
इस सनसनीखेज घटना का खुलासा रांची पुलिस कप्तान सह डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा ने किया. उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को पंडरा ओपी क्षेत्र के नगर ओझा मार्केट के पास एक महिला पूजा कर लौट रही थी, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने उसके गले से चेन छीन ली और फरार हो गए.
घटना के तुरंत बाद सिटी एसपी अजीत कुमार के नेतृत्व और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और फुटेज के आधार पर पंडरा, सुखदेवनगर और लोअर बाजार थाना क्षेत्र में लगातार छापेमारी की. इसी दौरान आरोपी मनु कुमार को न्यू मधुकम देवी मंडप रोड नंबर पांच से गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ के दौरान मनु कुमार ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और यह भी बताया कि वह पूर्व में सुखदेवनगर, कांके और गोंदा थाना क्षेत्र में भी चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. फिलहाल पुलिस उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई है और लगातार छापेमारी कर रही है.



