Hazaribagh : जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत बाबू पारा गांव में रविवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव के बुजुर्ग दंपती वकील राम और उनकी पत्नी झुनिया देवी की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। सोमवार सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंपती अपने घर में अकेले रह रहे थे। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर दोनों का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव पर धारदार हथियार से कई वार के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या बड़ी बेरहमी से की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या लूट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी छानबीन की जा रही है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।



