Kolkata: पश्चिम बंगाल में सोमवार को मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार किया गया. इस दौरान 35 नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया. कोलकाता स्थित लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर. एन. रवि ने सभी नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की थी. बैठक में 35 नए मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप दिया गया था. इसके बाद सोमवार को सभी चयनित भाजपा विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की.
शपथ ग्रहण समारोह के पहले चरण में अर्जुन सिंह, तापस रॉय, शरदवत मुखर्जी, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय और शंकर घोष ने मंत्री पद की शपथ ली. इसके बाद दूसरे चरण में भाजपा विधायक दीपक बर्मन, मनोज उरांव और गौरी शंकर घोष समेत अन्य नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई.
मंत्रिमंडल विस्तार को राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि नए चेहरों को शामिल कर सरकार प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी. सूत्रों के मुताबिक, नए मंत्रियों को कौन-कौन से विभाग सौंपे जाएंगे, इसकी घोषणा भी जल्द की जा सकती है. राजनीतिक हलकों में अब विभागों के बंटवारे और नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.


