Ranchi: राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के सर्जरी विभाग के पोस्ट ग्रेजुएट प्रथम वर्ष के छात्र डॉ. सानु सनल बरवार (32 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव शहर के कटहल मोड़ स्थित एक मकान से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद रिम्स परिसर समेत पूरे मेडिकल समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। डॉक्टरों, छात्रों और कर्मचारियों के बीच इस घटना को लेकर गहरा दुख और चिंता का माहौल है।
गौरतलब है कि पिछले 14 दिनों के भीतर रिम्स से जुड़ी यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 16 मई को रिम्स के एक एमबीबीएस छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने मेडिकल छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और कार्य-दबाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस डॉ. सानु सनल बरवार की मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, रिम्स प्रशासन भी मामले पर नजर बनाए हुए है।
लगातार दो छात्रों की मौत की घटनाओं के बाद रिम्स के छात्र और चिकित्सक समुदाय में चिंता बढ़ गई है। सभी की निगाहें अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।


