JMM ने बैजनाथ राम को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

0
83

Ranchi: झारखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रही हलचल के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने हाल ही में भाजपा छोड़कर जेएमएम में शामिल हुए बैजनाथ राम को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है.

तनाव के बीच प्रत्याशी के नाम की घोषणा

बैजनाथ राम के नाम की घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब महागठबंधन के भीतर सीट को लेकर चर्चाओं और मतभेदों की खबरें सामने आ रही थीं. हालांकि, ताजा घटनाक्रम के बाद गठबंधन में जारी तनाव जल्द खत्म होने की संभावना जताई जा रही है.

इधर, कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार माने जा रहे प्रणव झा ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र खरीद लिया है. इससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.

हेमंत के संपर्क में कांग्रेस के बड़े नेता

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के बड़े नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी के अलावा पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मुद्दे पर बातचीत की है. इसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि जेएमएम राज्यसभा चुनाव में दूसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगा और गठबंधन के भीतर सहमति बनाने की कोशिश जारी है.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि देर शाम तक जेएमएम और कांग्रेस के बीच सीट को लेकर चल रहा गतिरोध समाप्त हो सकता है. यदि ऐसा होता है, तो महागठबंधन राज्यसभा चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतर सकता है.

राज्यसभा चुनाव को लेकर अब सभी की निगाहें कांग्रेस और जेएमएम के अगले कदम पर टिकी हुई हैं, क्योंकि आने वाले घंटों में गठबंधन की रणनीति और उम्मीदवारों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकती है.

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here