झारखंड में कमल खिलाने के लिए तैयार भाजपा, नितिन नवीन बोले- जिस दिन ठान लिया, जीतने से कोई नहीं रोक सकता

0

रांची में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक का उद्घाटन, कांग्रेस और हेमंत सरकार पर साधा निशाना; कार्यकर्ताओं को सड़क से सदन तक संघर्ष करने का दिया मंत्र

Ranchi: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड में पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता राज्य में कमल खिलाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया। झारखंड तो पार्टी का गढ़ रहा है। जिस दिन कार्यकर्ताओं ने जीत का संकल्प ले लिया, उस दिन भाजपा को सत्ता में आने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।

नितिन नवीन शनिवार को रांची के कांके स्थित सुकुरहुटू के हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी और झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, युवाओं और छात्रों के मुद्दे उठाने तथा राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने का आह्वान किया।

कांग्रेस ने संविधान की मर्यादा को सबसे अधिक तार-तार किया: नितिन नवीन

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज देश में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को चुनौती देने की कोशिश की जा रही है। संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस को अपने अतीत पर नजर डालनी चाहिए। उनके अनुसार, आपातकाल से लेकर संवैधानिक मर्यादाओं के उल्लंघन तक कांग्रेस ने कई ऐसे कदम उठाए, जिन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाया।

उन्होंने राहुल गांधी पर देशविरोधी ताकतों के पक्ष में काम करने और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। नितिन नवीन ने कहा कि देश में अराजकता और अस्थिरता फैलाने की कोशिशों के प्रति भाजपा कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना होगा।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष की आलोचना करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को नागरिकों के अधिकारों से ज्यादा घुसपैठियों को संरक्षण देने की चिंता है।

झारखंड को भाजपा ही संवारेगी

नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ था और भाजपा ने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में भाजपा का विस्तार हुआ है और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता का समर्थन मिल रहा है। अब इसी विश्वास को झारखंड में और मजबूत करने की जरूरत है।

उन्होंने झारखंड से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उनकी जन्मभूमि है और उनकी शिक्षा का बड़ा हिस्सा भी इसी प्रदेश में बीता है। ऐसे में झारखंड की धरती पर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच आना उनके लिए विशेष सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान ने झारखंड को विशिष्ट पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पहचान दिलाकर जनजातीय समाज के सम्मान को आगे बढ़ाया है। भाजपा के नेतृत्व में देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मिलीं, जो जनजातीय समाज के लिए गौरव की बात है।

युवाओं और छात्रों के मुद्दों पर आंदोलन करेगी भाजपा

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड में युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।

उन्होंने पार्टी नेताओं से विधानसभा स्तर पर जनसमस्याओं की पहचान कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने को कहा। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा और जरूरत पड़ने पर सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना होगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। भाजपा की योजनाओं और विचारों को उन लोगों तक भी पहुंचाना जरूरी है, जो पार्टी के मतदाता नहीं हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह सेवा भाव के साथ काम करने का आह्वान किया।

नितिन नवीन ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत झारखंड की धरती से हुई थी और आज देश के करोड़ों लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बीच भी देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है।

आदित्य साहू का हेमंत सरकार पर हमला, भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कार्यकर्ताओं से झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के लिए दोगुनी ताकत से काम करने की अपील की। उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार, खनिज संपदा की लूट और कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा।

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड में स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं और नौकरियों में अनियमितताओं के कारण छात्रों को आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं और छात्रों के साथ खड़ी है तथा उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने विधवा और वृद्धावस्था पेंशन के भुगतान में आ रही समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। साथ ही राज्य सरकार पर पेसा कानून के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

आदित्य साहू ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने उग्रवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपनी सीमाओं का उल्लंघन करती है, तो भाजपा व्यापक आंदोलन करेगी।

31 सांगठनिक जिलों के नेताओं के साथ बैठक

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले नितिन नवीन ने झारखंड के सभी 31 सांगठनिक जिलों के अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ संयुक्त बैठक की। इसमें उन्होंने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने और जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का संदेश दिया। बैठक में आगामी राजनीतिक चुनौतियों के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

झारखंडी परंपरा से हुआ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचने पर नितिन नवीन का झारखंड की पारंपरिक और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक लोटा-पानी की रस्म, ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा, पाइका नृत्य और छऊ नृत्य के माध्यम से उनका अभिनंदन किया गया।

बैठक की शुरुआत भाजपा के विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुई। मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं को पारंपरिक जनजातीय शॉल और छऊ मुखौटे भेंट किए गए।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन सह महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, सह-प्रभारी निवेदिता सिंह, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा और चंपाई सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय तथा पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, मोर्चा अध्यक्ष और जिला पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की, जबकि मंच संचालन प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने किया। भाजपा नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और झारखंड में पार्टी की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here