जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम बना आंदोलन का केंद्र
Ranchi : जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े अभ्यर्थियों का विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को छठे दिन भी जारी रहा। आंदोलन अब मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से आगे बढ़कर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंच गया है, जहां बड़ी संख्या में छात्र टेंट लगाकर लगातार धरने पर डटे हुए हैं।
भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की है मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, लंबित परीक्षाओं के शीघ्र आयोजन, परिणामों के समयबद्ध प्रकाशन और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच जैसी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लगातार हो रही देरी से हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
अभ्यर्थी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज कर रहे बुलंद
धरनास्थल पर अभ्यर्थी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और धरनास्थल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी गई है।


