बिहार को मिली 15,600 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
Patna: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले से बहुप्रतीक्षित नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। इस दौरान राजनीतिक और व्यक्तिगत आत्मीयता की तस्वीर भी देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को गले लगाया। इससे पहले पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात हुई, जहां दोनों नेता काफी खुश नजर आए।

उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री ने नीतीश सेतु से गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद पुल का औपचारिक उद्घाटन किया। इस पुल के शुरू होने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही पटना और वैशाली समेत आसपास के जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह छह लेन का एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेयड पुल 19.7 किलोमीटर लंबा है। यह पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। परियोजना में 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की एप्रोच सड़कें शामिल हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने बिहार को 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इनमें एनएच-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा खंड का छह लेन निर्माण, एनएच-227एफ के चोरमा-बैरागनिया खंड और एनएच-327 के उमागांव-सहरसा खंड की सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने 1,320 मेगावाट की बक्सर थर्मल पावर परियोजना की दूसरी यूनिट (660 मेगावाट) का उद्घाटन किया। इसके अलावा बिजली वितरण और पारेषण से जुड़ी परियोजनाओं को भी जनता को समर्पित किया। इनमें 1,130 करोड़ रुपये से अधिक की आरडीएसएस लॉस रिडक्शन परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से बिहार में सड़क संपर्क, बिजली आपूर्ति और औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।


