पलामू के धुरिया नदी की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, वर्षों से पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं ग्रामीण
Palamu : झारखंड के पलामू जिले में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक नरेश प्रसाद सिंह को नदी पार कराने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक ग्रामीण विधायक को अपने कंधे पर बैठाकर धुरिया नदी पार करा रहा था, तभी बीच धारा में उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद विधायक और ग्रामीण दोनों नदी के पानी में गिर पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, विधायक नरेश प्रसाद सिंह घासीदाग पंचायत के घासीदाग गांव में आयोजित एक धार्मिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। गांव पहुंचने के लिए उन्हें धुरिया नदी पार करनी थी। नदी में पानी होने के कारण विधायक ने पैदल नदी पार करने के बजाय एक ग्रामीण के कंधे पर बैठकर दूसरी ओर जाने का फैसला किया।
इसी दौरान नदी की बीच धारा में ग्रामीण का संतुलन बिगड़ गया और विधायक समेत दोनों पानी में गिर पड़े। हालांकि, घटना के बाद दोनों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
इस घटना ने एक बार फिर इलाके में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को उजागर किया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से धुरिया नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। पुल के अभाव में लोगों को आज भी नदी पार कर आवागमन करना पड़ता है।


