katihar: सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है. घटना कुर्सेला थाना क्षेत्र के दियारा चांदपुर गांव के हनुमान मंदिर के समीप की है. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार सभी दस लोग बारात जा रहे थे. इसी दौरान ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में आठ लोगों ने अपनी जान गंवा दी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफी का माहौल कायम हो गया। आनन फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
जानकारी के अनुसार पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी के ढ़िबरा बाजार से स्कॉर्पियो पर बारात पूर्णिया जिले के कोशकीपुर गांव जा रहा था. इसी दौरान कुर्सेला थाना क्षेत्र के दियारा चांदपुर गांव के हनुमान मंदिर के समीप मक्के से लदा खड़े ट्रैक्टर में पीछे से स्कॉर्पियो का जोरदार टक्कर हो गया. बताया जाता है स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे रखे मक्के के ढेर पर चढ़ने से असंतुलित हो गया और इसके बाद कुछ ही दूरी पर खड़े ट्रैक्टर से जा टकराया.
स्कॉर्पियो में कुल 10 लोग सवार थे. जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. कुर्सेला पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर सभी मृतक और घायलों को पोठिया थाना क्षेत्र के समेली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया. जिसमें डॉक्टर ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि और गंभीर रूप से 2 लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया है. इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया.



