Indore: इंदौर की सोनम और राजा की शादी धूमधाम से हुई थी, लेकिन सोनम का दिल किसी और के लिए धड़कता था. वह अपने पिता की फैक्ट्री में काम करने वाले राज कुशवाह से प्यार करती थी, मगर परिवार के खिलाफ नहीं जाना चाहती थी, इसलिए राजा से शादी कर ली. लेकिन राज के साथ मिलकर पति राजा को रास्ते से हटाने की साजिश रच दी.
सोनम और राज ने राजा की हत्या के लिए शिलांग को चुना और भाड़े पर तीन हत्यारे—आकाश राजपूत, विशाल चौहान और आनंद कुर्मी—इंदौर से भेजे. राजा के साथ घूमते हुए इन हत्यारों ने उसका विश्वास जीत लिया. एक टूर गाइड ने भी उन्हें साथ देखा था, जो पुलिस के लिए अहम सुराग बना.
शिलांग के एक पार्किंग यार्ड में सोनम की मौजूदगी में हत्यारों ने राजा की धारदार हथियार से हत्या कर शव को खाई में फेंक दिया. इसके बाद सोनम भाग निकली. उसने शादी में मिले नौ लाख रुपये नकद और गहनों की मदद से लगातार सफर किया और नेपाल भागने की कोशिश में लगी रही. फोन रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज से उसकी संलिप्तता उजागर हुई.
हत्यारों की गिरफ्तारी के बाद सोनम ने गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने पाया कि हत्या के बाद भी सोनम लगातार राज से संपर्क में थी. सोनम के फोन बंद होने और टिकट की एकतरफा बुकिंग ने भी उसकी भूमिका पर शक बढ़ाया. फिलहाल पुलिस पूरे षड्यंत्र की तह तक जाने में जुटी है.



