Ranchi: झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां तेज़ हो गई हैं, जिसका प्रभाव राज्य के कई जिलों में साफ दिखाई दे रहा है. शुक्रवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में आज भी झमाझम बारिश होने की संभावना है. भारी बारिश की वजह से शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की आशंका
IMD ने शनिवार को राज्य के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि झारखंड के अधिकांश इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की आशंका है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम अस्थिर बना रहेगा. उन्होंने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, और संभव हो तो घरों या पक्के निर्माणों में ही रहें.



