Ranchi: IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब क्रिकेट की चमक-दमक से दूर सादगी भरी जिंदगी का आनंद ले रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर में धोनी रांची स्थित अपने फार्महाउस में मछली पकड़ते नजर आ रहे हैं. उन्होंने काली टी-शर्ट पहन रखी है जिस पर लिखा है – “ड्यूटी, ऑनर, कंट्री”. यह वाक्यांश उनके टेरिटोरियल आर्मी से जुड़ाव को दर्शाता है, जहां वे लेफ्टिनेंट कर्नल हैं और 2019 में जम्मू-कश्मीर में सेवा दे चुके हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स के इस सीजन में केवल 4 जीत दर्ज हुईं. शुरुआत में कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ के पास थी, लेकिन बाद में धोनी ने टीम की बागडोर संभाली. उन्होंने 196 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 135 से ऊपर रहा. हालांकि, क्रिकेट से इतर अब धोनी खेती, पशुपालन और प्रकृति के साथ समय बिता रहे हैं. रिटायरमेंट पर उन्होंने कहा कि अभी कोई निर्णय नहीं लेंगे और अपनी फिटनेस पर ध्यान देंगे. मैदान से दूर अब धोनी शांति और पारिवारिक जीवन की नई कप्तानी कर रहे हैं.


