रांची में फर्जी सैन्य स्टांप घोटाला: दो आरोपी गिरफ्तार, बड़ा खुलासा

0
271

Ranchi: राजधानी रांची में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की फर्जी मुहरें बनाकर इस्तेमाल करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वेश कुमार सिंह और आशीष दास के रूप में हुई है. 43 वर्षीय सर्वेश कुमार बिहार के भभुआ जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र का निवासी है और फिलहाल रांची के नामकुम क्षेत्र के चाय बगान इलाके में रहकर “राठौर जनरल स्टोर” नामक दुकान चलाता है. वहीं, 47 वर्षीय आशीष दास रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के लोअर पीपी कम्पाउंड में रहकर “दास साउंड” नामक दुकान में रबर स्टांप बनाने का काम करता है.

पुलिस ने दोनों के पास से सेना के अधिकारियों के नाम पर बनी हुई 17 फर्जी रबर स्टांप, प्री-इंक्ड फ्लैश स्टांप, मोबाइल फोन, मुहर बनाने के सैंपल, व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और एक कंप्यूटर सीपीयू जब्त किया है. ये दोनों मिलकर रांची में बड़े फर्जीवाड़े की योजना बना रहे थे.

इस पूरे मामले का खुलासा रांची के SSP चंदन कुमार सिन्हा ने सोमवार को मीडिया के सामने किया. उन्होंने बताया कि नामकुम स्थित मिलिट्री हॉस्पीटल परिसर के पास राठौर जनरल स्टोर में फर्जी मुहरें बनाई जा रही थीं. सूचना मिलते ही DSP अमर कुमार पांडेय की निगरानी में एक टीम बनाकर छापेमारी की गई और सर्वेश को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर आशीष दास को भी हिरासत में लिया गया.

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. सर्वेश ने बताया कि वह पिछले चार साल से यह काम कर रहा था और सेना के ही एक व्यक्ति ने उसे ये स्टांप बनाने का ऑर्डर दिया था. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन फर्जी मुहरों का उद्देश्य क्या था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here