पलामू की तीन जर्जर सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण की मांग, सांसद वीडी राम ने सरकार को लिखा पत्र

0
39

Medini Nagar: पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम (वीडी राम) ने जिले की तीन महत्वपूर्ण और जर्जर सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण की मांग को लेकर पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, पलामू के उपायुक्त और पथ प्रमंडल डालटनगंज के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण हजारों लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।

तीन सड़कों के निर्माण की मांग 

सांसद ने अपने पत्र में बताया कि पहली सड़क पीडब्ल्यूडी डालटनगंज–पांकी रोड के पोखराहा मोड़ से बढ़कागांव होते हुए डालटनगंज–बैरिया–पाटन रोड के खनवां चौक तक करीब सात किलोमीटर लंबी है। वर्तमान में यह सड़क आरईओ के अधीन है और काफी संकरी व जर्जर हो चुकी है। इसे पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर चौड़ी और मजबूत सड़क बनाने की आवश्यकता है।

दूसरी सड़क डालटनगंज के छहमुहान चौक से सुदना गायत्री मंदिर रोड होते हुए बैरिया चौक तक लगभग तीन किलोमीटर लंबी है। सड़क पर बड़े गड्ढे, जल निकासी की व्यवस्था का अभाव और बरसात में जलजमाव के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

Also Read- JPSC अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने दिया इस्तीफा, परीक्षा विवाद के बीच बढ़ी कार्रवाई, भाजयुमो का विरोध

तीसरी सड़क पोखराहा से मेडिकल कॉलेज तक करीब तीन किलोमीटर लंबी है, जो संकरी और क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सांसद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे यातायात को देखते हुए इस सड़क का चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सरकार से तीनों परियोजनाओं पर शीघ्र कार्रवाई कर आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here