Ranchi: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब विदेशी शराब से लदा एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. वाहन के पलटते ही उसमें भरी शराब की पेटियां और बोतलें सड़क पर बिखर गईं. यह नज़ारा देखते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचने लगे और शराब उठाने की होड़ मच गई.
देखते ही देखते दर्जनों लोगों ने शराब की पेटियां उठाकर भागना शुरू कर दिया. कुछ लोग बोतलें अपने थैलों, जेबों और यहां तक कि कपड़ों में छिपाकर ले जाने की कोशिश करने लगे. इस आपाधापी में कई बोतलें टूट गईं जिससे शराब सड़क पर बहने लगी और वहां फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भाग खड़े हुए. पुलिस ने तुरंत स्थिति पर नियंत्रण पाते हुए सड़क को खाली कराया. वाहन चालक सुरक्षित है और प्राथमिक पूछताछ के अनुसार फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन पलटने की असली वजह क्या थी. मामले की जांच की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों की भूमिका कितनी अहम होती है. वहीं, दुर्घटनास्थल पर भीड़ द्वारा इस तरह की हरकत ने चिंता बढ़ा दी है.



