झारखंड को मिलेगी पहली 10 लेन स्मार्ट रोड, 177 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

0
95

Ranchi: झारखंड में सड़क कनेक्टिविटी और शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है. राजधानी रांची में राज्य की पहली 10 लेन स्मार्ट रोड का निर्माण कराया जाएगा. करीब 177 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का टेंडर पश्चिम बंगाल की कंपनी रामचंद्र पाल को मिला है. काम का आवंटन होने के बाद सड़क का सर्वे शुरू कर दिया गया है. सर्वे में स्टेट हाइवे ऑथोरिटी ऑफ झारखंड यानी SHAJ की टीम भी शामिल है.

इसे भी पढ़ें- त्योहारों से पहले चीनी के दाम में उबाल: भारत अब करेगा चीनी का आयात, उत्पादन अनुमान से 37 LMT कम

विवेकानंद स्कूल मोड़ से नयासराय आरओबी तक बनेगी सड़क

प्रस्तावित स्मार्ट रोड ओल्ड विधानसभा के आगे विवेकानंद स्कूल मोड़ से शुरू होकर जगन्नाथ मंदिर, हाईकोर्ट और नई विधानसभा भवन के मुख्य मार्ग से होते हुए नयासराय आरओबी तक जाएगी. विवेकानंद स्कूल मोड़ से नयासराय आरओबी तक करीब 6.089 किलोमीटर सड़क को सिक्स लेन किया जाएगा. इसके दोनों किनारों पर सर्विस रोड और टू-लेन पेव्ड शोल्डर भी बनाया जाएगा. वहीं, नयासराय आरओबी से नयासराय होते हुए रिंग रोड तक करीब 2.12 किलोमीटर मौजूदा सड़क को चौड़ा किया जाएगा.

साइकिल ट्रैक और फुटपाथ की होगी सुविधा

स्मार्ट रोड को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. सड़क के मुख्य हिस्से में सिक्स लेन के साथ साइकिल ट्रैक, फुटपाथ और सर्विस रोड विकसित किए जाएंगे. साइकिल ट्रैक के ऊपर सोलर पैनल लगाए जाने की योजना है, जिससे सड़क की लाइटों के लिए सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें- नेपाल में विनाशकारी फ्लैश फ्लड के बाद भारत ने भेजी दूसरी राहत खेप, मेडिकल सप्लाई के साथ पहुंची टेक्निकल टीम

हरियाली और बैठने की भी व्यवस्था

सड़क के किनारे लोगों के बैठने के लिए बेंच और कुर्सियां लगाई जाएंगी. जगह-जगह झोपड़ीनुमा खुली संरचनाएं बनाकर लोगों के आराम करने की व्यवस्था की जाएगी. सड़क के किनारे और बीच में फूल-पौधे लगाए जाएंगे, जिससे पूरे मार्ग को आकर्षक और हराभरा बनाया जा सके. सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पूरी सड़क पर आधुनिक लाइटिंग और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here