14 साल के वैभव सूर्यवंशी IPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने 

0
371
वैभव सूर्यवंशी

Patna: आईपीएल के इतिहास में लंब समय बाद बिहार के एक सितारे का क्रिकेट के आकाश में उभार हुआ. उसका नाम वैभव सूर्यवंशी है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ तूफानी शतक लगाकर कई रिकॉर्ड बनाए.

आईपीएल में अपना तीसरा ही मैच खेल रहे वैभव ने वैभव ने ऐसी बल्लेबाजी की, जिसने भी देखा दांतों तले अंगुली दबा ली. वैभव सूर्यवंशी ने पहले तो सबसे कम उम्र में आईपीएल अर्धशतक लगाया और उसके कुछ ही देर बाद सबसे कम उम्र में शतक भी पूरा करने में कामयाबी हासिल की. इतना ही नहीं, वे अब आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं. हालांकि क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटते टूटते बच गया.

जब वैभव ने सेंचुरी पूरी की तो राहुल द्रविड़ अपनी व्हील चेयर से उठ गए और वैभव के लिए जश्न मनाने लगे. वह सही से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे लेकिन इसके बावजूद वह सूर्यवंशी के लिए खड़े हुए और जमकर प्लेयर्स का उत्साह बढ़ाया.

वैभव सूर्यवंशी ने पहले ही आईपीएल में सबसे कम उम्र में डेब्यू किया था. अपने तीसरे ही मैच में उन्होंने पहले केवल 17 बॉल पर अर्धशतक पूरा किया और उसके बाद शतक भी ठोक दिया. आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज क्रिस गेल हैं. उन्होंने केवल 30 बॉल पर सेंचुरी ठोकी थी. वहीं वैभव सूर्यवंशी ने 35 बॉल पर शतक लगाने का काम किया है. उन्होंने यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 37 बॉल पर आईपीएल शतक लगाया था. डेविड मिलर ने 38 बॉल पर आईपीएल शतक लगाने काम किया था.

वैभव ने आईपीएल में ही नहीं, बल्कि सबसे कम उम्र में टी20 में भी शतक लगाया है. इससे पहले तक टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड विजय जोल के नाम पर थी. उन्होंने महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए मुंबई के खिलाफ साल 2013 में 18 साल और 118 दिन की उम्र में शतक लगाया था. लेकिन अब की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी ने 14 साल और 32 दिन की उम्र में टी20 क्रिकेट में शतक ठोक दिया है.

वैभव सूर्यवंशी ने इस साल के आईपीएल में भी सबसे कम बॉल पर पहले अर्धशतक और उसके बाद शतक भी लगाने का काम किया है. आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए ये किसी भी बल्लेबाज की ओर से लगाया गया सबसे तेज शतक है, हालांकि अर्धशतक के के मामले में वे दूसरे नंबर पर हैं. अब आने वाले मैचों में भी सभी की नजर वैभव सूर्यवंशी पर रहने वाली है कि वे कैसा प्रदर्शन करते हैं.

मैच के बाद वैभव ने कहा, “यह बहुत अच्छा अहसास है. यह आईपीएल में मेरा पहला शतक है और यह मेरी तीसरी पारी है. टूर्नामेंट से पहले प्रैक्टिस के बाद का रिजल्ट यहां दिख रहा है. मैं बस गेंद देखता हूं और खेलता हूं. जायसवाल के साथ बल्लेबाजी करना अच्छा है, वह मुझे बताता है कि क्या करना है और वह पॉजिटिव चीजों को शामिल करता है. आईपीएल में शतक बनाना मेरा सपना रहा है और आज यह सच हो गया. कोई डर नहीं है. मैं ज्यादा नहीं सोचता, मैं सिर्फ खेलने पर ध्यान केंद्रित करता हूं.

वैभव को आईपीएल ऑक्शन के दौरान 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा गया था. राजस्थान ने दूसरे दिन के ऑक्शन में उन्हें महंगी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया था. वैभव के लिए सचमुच ये एक शानदार शुरुआत रही. आईपीएल में इतनी कम उम्र में यह कारनामा काफी कम ही खिलाड़ी कर पाते हैं. वैभव का जन्म बिहार के समस्तीपुर जिले में हुआ था. वह बिहार के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here