दिनदहाड़े चोरी की वारदात का खुलासा, पांच गिरफ्तार

0
489

Ranchi: राजधानी के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमलिया चालाटोली में 11 जुलाई को हुई दिनदहाड़े चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनकी पहचान पवन कुमार (30), कौशल सिंह (29), राजा साव (24), सुनील कुमार राय उर्फ अन्नु यादव (35) और संतोष कुमार सोनी (35) के रूप में हुई है. आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार – सलाई रिंच, पेचकस और एक स्कूटी के साथ-साथ चोरी का सामान भी बरामद किया गया है.

यह जानकारी रांची के रुरल SP प्रवीण पुष्कर ने गुरुवार को मीडिया को दी. उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को आशुतोष उरांव के घर में दिन के उजाले में ताला तोड़कर चोरी की गई थी. घटना के बाद आशुतोष ने रातू थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. DIG सह रांची SSP चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर रुरल SP प्रवीण पुष्कर और मुख्यालय DSP-2 अरविंद कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया.

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक कमड़े आश्रम के पास इकट्ठा हो रहे हैं और किसी बंद घर को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं. मौके पर पहुंचकर SIT ने पांचों चोरों को धर दबोचा. पूछताछ में उन्होंने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता कबूल की. चोरों ने बताया कि वे पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर सलाई रिंच व पेचकस की मदद से ताले व अलमारी तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here