Ranchi: अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एक ई-रिक्शा चालक से लूटपाट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही लूट में इस्तेमाल हुआ मोबाइल और कुल 9 ई-रिक्शा बरामद किए गए हैं. इनमें से 8 ई-रिक्शा अन्य चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में मो. सद्दाम, मो. अल्फाज अंसारी और जॉन सोलोमन शामिल हैं.
पीड़ित चालक दीना नाथ महतो ने 18 जुलाई को अरगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि सुबह करीब 8 बजे वे अपने ई-रिक्शा में दो सवारियों को लेकर उनके बताए पते पर जा रहे थे. लेकिन दोनों सवारी उन्हें एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां उन्होंने उसके हाथ-पैर बांधकर मोबाइल, नकद रुपये और ई-रिक्शा लूट लिया.
घटना की सूचना मिलते ही DIG सह SSP चंदन सिन्हा के निर्देश पर सिटी एसपी अमित कुमार और डीएसपी हटिया प्रमोद मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. जांच के दौरान मो. सद्दाम को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसने लूट में शामिल होने की बात कबूल की और अपने साथी मो. अल्फाज अंसारी का नाम उजागर किया.
दोनों की निशानदेही पर लूटा गया ई-रिक्शा और मोबाइल बरामद हुआ. इसके अलावा जॉन सोलोमन के पास से चोरी के कुल 9 ई-रिक्शा जब्त किए गए, जिनमें से 8 अन्य मामलों में लूटे गए थे. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.



